असली A2 देशी घी की पहचान कैसे करे? जानें 5 आसान घरेलू टेस्ट
स्वास्थ्य एवं आहार ब्लॉग

असली A2 देशी घी की पहचान कैसे करे?

A2

हेल्थ एवं आर्गेनिक डेस्क

प्रकाशित: 23 अक्टूबर, 2026

6 मिनट पढ़ाई गाइड
असली A2 देशी घी
चित्र: पारंपरिक वैदिक बिलौना विधि से तैयार किया गया शुद्ध A2 देशी घी

आजकल बाजार में हर डिब्बे पर बड़े-बड़े अक्षरों में “शुद्ध देशी घी”, 100% प्योर, ऑर्गेनिक और “A2 गिर गाय का घी” लिखा दिखता है। लेकिन सच यह है कि डिब्बे पर छपी तस्वीरें और सुंदर पैकेजिंग अक्सर सिर्फ मार्केटिंग का खेल होती है। जब बात अपनी सेहेत और परिवार के खान-पान की हो, तो आँख मूँदकर किसी भी ब्रांड पर भरोसे भरोसा करना समझदारी नहीं है।

असली A2 देशी घी क्या है, इसको पहचान कैसे की जाए और बाजार के धोखे से कैसे बचा जाए – इसे किसी जटिल साइंस की तरह नही बल्कि बिल्कुल आसान और व्यावहारिक तरीके से समझना जरूरी है।


A2 देशी घी आखिर होता क्या है?

सरल शब्दों में, A2 घी वह घी है जो हमारी भारतीय नस्ल की देशी गायों (जैसे गिर, साहीवाल, थारपारकर, राठी, लाल सिंधी आदि) के दूध से बनता है। इन गायों की पीठ पर एक कूबड़ (Hump) होता है और इनके दूध में A2 बीटा केसीन नाम का प्रोटीन पाया जाता है। जो पचाने में बेहद हल्का और शरीर के लिए अमृत समान माना गया है।

इसके उलट, विदेशी या संकर नस्ल की गायों (जैसे जर्सी या HF) के दूध में A1 प्रोटीन होता है, जो कई लोगों के लिए गैस, अपच और भारीपन का कारण बनता है।

पारंपरिक वैदिक बिलौना विधि (असली तरीका)

लेकिन सिर्फ देशी गाय होना काफी नहीं है, घी बनाने का तरीका भी उतना ही मायने रखता है। असली A2 घी हमेशा पारंपरिक वैदिक बिलौना विधि से बनता है:

1.

देशी गाय के दूध को पहले उबाला जाता है।

2.

फिर उसे मिट्टी के बर्तन में जमाकर दही बनाया जाता है।

3.

उस पूरे दही को लकड़ी की मथानी (बिलौना) से मथकर मक्खन (नवनीत) अलग किया जाता है।

4.

अंत में उस मक्खन को धीमी आँच पर पकाकर घी तैयार होता है।

“आज बाजार में 90% कंपनियाँ दूध की मलाई (क्रीम) को सीधे मशीनों में डालकर मक्खन निकालती हैं और तुरंत घी बना देती हैं। वह तकनीकी रूप से केवल मलाई का घी होता है, असली बिलौना A2 घी नहीं।”

अपने होश और इंद्रियो से पहचान

किसी भी लैब में जाने से पहले हमारी आंखे, नाक और जीभ ही असली-नकली का फर्क बना देती हैं:

1. दानेदार बनावट (The Grainy Texture)

असली देशी घी का सबसे बड़ा लक्षण है उसका दानेदार (दाने-दाने वाला) होना। जब आप चम्मच से घी निकालेंगे, तो वह किसी क्रीम या पाउडर डालडा की तरह एकदम चिकना पेस्ट नहीं दिखेगा, बल्कि उसमें सूजी या रेत जैसे बारीक और मुलायम दाने तैरते हुए दिखेंगे।

2. हल्का सुनहरा पीला रंग

गाय के दूध में प्राकृतिक तौर पर कैरोटीनाइड्स होते हैं, जिसकी वजह से घी का रंग हल्का सुनहरा पीला होता है। ध्यान देने वाली बात यह है कि यह रंग बहुत तीखा या चटक पीला नहीं होता। अगर घी हल्दी जैसा गहरा पीला दिख रहा है तो समझ जाइए उसमें केमिकल रंग या फूड कलर मिलाया गया है।

3. सौम्य और सोंधी महक

असली बिलौना घी की खुशबू कभी भी नाक में चुभने वाली या बहुत तेज (परफ्यूम जैसी) नहीं होती। जब आप डिब्बा खोलेंगे तो उसमें से हल्की, भीनी और सोंधी महक आएगी, ठीक वैसी ही जैसे धीमी आँच पर मिट्टी के तवे पर रोटी सिकती है। बाजार वाले घी में अक्सर आर्टिफिशयल बटर फ्लेवर डाला जाता है, जिसकी तेज़ खुशबू हाथ धोने के बाद भी नहीं छूटती।

4. जीभ पर स्वाद

आधा चम्मच घी मुंह में रखिए। असली A2 घी जीभ पर जाते ही तुरंत पिघल जाएगा, बिल्कुल मक्खन की तरह घुल जाएगा और गले में कोई चिकनाई या चिपचिपाहट नहीं छोड़ेगा। अगर तालू पर घी चिपक जाए या तेल जैसा भारीपन महसूस हो, तो उसमें पाम ऑयल या वनस्पति की मिलावट तय है।


घर की रसोई में 5 आसान टेस्ट

अगर आपके घर में घी का डिब्बा आ चुका है और आपको शक है, तो रसोई में मौजूद चीजों से ही 5 मिनट में ये टेस्ट कर सकते हैं:

1. हथेली वाला टेस्ट (पाम मेल्टिंग टेस्ट)

हमारे शरीर का तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस होता है। शुद्ध देशी गाय के घी का पिघलने का तापमान (Melting Point) बहुत कम (लगभग 32-35 डिग्री) होता है।

  • आधा चम्मच घी अपनी हथेली पर रखें।
  • अगर वह असली है, तो हाथ की स्वाभाविक गर्मी से 15-20 सेकेंड के अंदर पूरी तरह पिघलकर पानी जैसा तरल बन जाएगा।
  • अगर वह हथेली पर भी गाढा जमा रहे या पिघलने में बहुत समय ले, तो उसमें डालडा हाइड्रोजनेटेड फैट या पाम ऑयल मिला हुआ है।

2. चूल्हे की आँच का टेस्ट (हीट टेस्ट)

एक स्टील के चम्मच या छोटी कटोरी में एक चम्मच घी लें और गैस पर धीमी आंच पर रखें।

असली घी: आंच लगते ही तुरंत पिघलेगा और कुछ ही पलों में उसका रंग हल्का भूरा (brownish) होने लगेगा, साथ ही सोंधी महक उठेगी।
मिलावटी घी: पिघलने में वक्त लेगा, झाग छोड़ेगा और रंग पीला ही रहेगा या जलने पर कड़वी बदबू देगा।

3. पारदर्शी कांच की शीशी और फ्रिज टेस्ट (लेयरिंग टेस्ट)

यह टेस्ट पाम ऑयल और जानवरों की चर्बी जैसी मिलावट को पकड़ने के लिए सबसे सटीक है।

  • थोड़ा सा घी पिघलाकर एक साफ कांच की पारदर्शी शीशी में भरें।
  • इसे कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रख दें।
  • नतीजा: असली घी पूरी शीशी में ऊपर से नीचे तक एक समान (uniform) जमेगा। यदि मिलावट होगी, तो अलग-अलग तेलों के घनत्व (density) की वजह से घी के अंदर अलग-अलग परतें (layers) या रंग दिखाई देने लगेंगे।

4. आयोडीन टेस्ट (स्टार्च और आलू की जाँच)

घी का वजन बढ़ाने और गाढ़ा दिखाने के लिए अक्सर उसमें उबले आलू या अरारोट (स्टार्च) का पेस्ट मिला दिया जाता है।

  • एक कटोरी में दो चम्मच पिघला हुआ घी लें और आयोडीन टिंक्चर की 2-3 बूंदे टपकाएं।
  • अगर घी का रंग नीला या गहरा जामुनी हो जाए, तो उसमें स्टार्च मिलाया गया है। अगर रंग में बदलाव न आए तो घी स्टार्च मुक्त है।

5. हाइड्रोक्लोरिक एसिड और चीनी टेस्ट (वनस्पति/डालडा की जांच)

  • एक कांच की शीशी में एक चम्मच पिघला घी लें। उसमें आधा चम्मच पिसी चीनी और थोड़ा सा टायलेट क्लीनर (हल्का HCL) सावधानी से डालें और हिलाएं।
  • 5 मिनट बाद अगर निचली सतह पर गुलाबी या गहरा लाल रंग दिखाई दे, तो घी में डालडा की भारी मिलावट है।

कीमत का गणित: सबसे बड़ी सच्चाई

असली A2 घी आखिर महंगा क्यों होता है? आइए इसके पीछे के गणित को समझते हैं:

विवरण मात्रा / लागत
1 लीटर दूध से प्राप्त घी केवल 35 से 40 ग्राम
1 किलो A2 घी बनाने हेतु दूध 25 से 30 लीटर शुद्ध दूध
केवल दूध की लागत (₹60-70/लीटर पर) ₹1,500 – ₹2,000
अतिरिक्त खर्चे चारा, गायों की देखभाल, लकड़ी, मंथन श्रम व पैकेजिंग

आप खुद सोचे: जो ब्रांड बाजार में 500, 700 या 900 रुपये किलो में “शुद्ध A2 गिर गाय का घी” बेच रहे है, वे घाटा सहकर व्यापार नहीं करेंगे। इतनी कम कीमत पर मिलने वाला घी या तो फैक्ट्रियों की बची हुई मलाई से बना साधारण घी है, या फिर उसमें पाम ऑयल और सिंथेटिक एसेंस की भारी मिलावट की गई है।

खरीदते वक्त किन बातों पर ध्यान दें?

  1. लेबल पर शब्द देखिए: डिब्बे पर केवल Pure Cow Ghee लिखा होना काफी नहीं है। उस पर स्पष्ट रूप से “A2 Vedic Bilona Ghee – Made from Curd (दही से बना)” लिखा होना चाहिए।
  2. गाय की नस्ल की जानकारी: भरोसेमंद उत्पादक हमेशा यह साफ लिखते हैं कि घी किस नस्ल की गाय (गिर, साहीवाल आदि) के दूध से बना है और उनकी गौशाला कहाँ स्थित है।
  3. स्थानीय और पारदर्शी स्त्रोत: अगर संभव हो, तो बड़ी कंपनियों के चमकीले प्लास्टिक जार के बजाय किसी ऐसी स्थानीय गौशाला या किसान से घी खरीदें जो बिलौना प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से दिखाते हों।

निष्कर्ष

घी हमारे भोजन का स्वाद ही नहीं बढ़ाता है, बल्कि हमारी हड्डियों, दिमाग और पाचन तंत्र का पोषण करता है। थोड़ी सी सतर्कता, अपनी समझ और इन आसान जांचों के जरिए आप नकली उत्पाद से बच सकते हैं और अपनी रसोई में असली अमृत जैसा A2 देशी घी ला सकते हैं।

टैग्स: #A2Ghee #BilonaGhee #HealthTips